Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime News : तीर्थ यात्रा पर गया परिवार, पीछे से सूने बंगले में सेंध, 5 करोड़ की चोरी की आशंका से हड़कंप

CG Crime News : तीर्थ यात्रा पर गया परिवार, पीछे से सूने बंगले में सेंध, 5 करोड़ की चोरी की आशंका से हड़कंप
X

CG Crime News : बिलासपुर। बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरों ने एक कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती रत्न और अन्य बहुमूल्य सामान समेत करीब 5 करोड़ रुपये की चोरी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी गई संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा मकान मालिक के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर मुख्य मार्ग निवासी कारोबारी रजनीश सेठ अपनी पत्नी के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए पहले एसी यूनिट हटाकर रास्ता बनाया और फिर आराम से पूरे मकान की तलाशी लेते हुए कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह मकान की स्थिति संदिग्ध देखकर कारोबारी के एक परिचित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल चोरी की राशि का अनुमान करीब 5 करोड़ रुपये लगाया जा रहा है, लेकिन मकान मालिक के वापस लौटने और सामान के मिलान के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire