Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Crime News : ट्रेन के बक्से में मिली बेटी की लाश की गुत्थी सुलझी, ‘इज्जत’ के डर में पिता बना कातिल

बक्से में मिले किशोरी के शव के टुकड़ों के पीछे कोई गैंगवार या सनकी हत्यारा नहीं, बल्कि खुद उसका पिता निकला।

Crime News : ट्रेन के बक्से में मिली बेटी की लाश की गुत्थी सुलझी, ‘इज्जत’ के डर में पिता बना कातिल
X

Crime News : लखनऊ। लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में मिले टिन के बक्से ने जिस रहस्य को जन्म दिया था, उसका खुलासा अब पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बक्से में मिले किशोरी के शव के टुकड़ों के पीछे कोई गैंगवार या सनकी हत्यारा नहीं, बल्कि खुद उसका पिता निकला।

15 वर्षीय शब्बा की हत्या उसके पिता बिग्गन अंसारी ने सिर्फ इस डर में कर दी कि कहीं उसकी तीसरी बेटी भी घर छोड़कर न चली जाए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसकी दो बेटियां पहले ही घर छोड़ चुकी थीं और अब शब्बा का दूसरे समुदाय के युवक से फोन पर बात करना उसे लगातार परेशान कर रहा था।

ट्रेन के बक्से से खुला खौफनाक राज-

17 मई को छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस जब लखनऊ पहुंची, तब एस-1 कोच में एक लावारिस टिन का बक्सा मिला। जब रेलवे कर्मचारियों ने उसे खोला तो अंदर सलवार-सूट पहने किशोरी का धड़ मिला। पास रखे थैले में कटे हुए हाथ और पैर थे, जबकि सिर गायब था। यह दृश्य देखकर स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

मामले की जांच में जुटी जीआरपी ने ट्रेन रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में कुशीनगर के तमकुही रोड स्टेशन पर तीन लोग संदिग्ध हालत में बक्सा और थैला ट्रेन में रखते दिखाई दिए। बाद में उनकी पहचान बिग्गन अंसारी, उसकी बहन नूरजहां और बहनोई मुजीबुल्ला के रूप में हुई।

‘बदनामी’ के डर ने छीनी बेटी की जिंदगी-

पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता गांव और समाज के तानों से परेशान था। उसे डर था कि तीसरी बेटी भी परिवार की “इज्जत” पर दाग बन जाएगी। इसी सोच ने उसे इतना बेरहम बना दिया कि उसने हत्या की पूरी साजिश रच डाली।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पहले पत्नी और बेटों को रिश्तेदारी में भेजा, फिर बहन और बहनोई को घर बुलाकर हत्या और शव ठिकाने लगाने की योजना बनाई। हत्या के बाद शव के टुकड़े किए गए और पहचान मिटाने के लिए सिर अलग कर गांव के तालाब में फेंक दिया गया।

सीसीटीवी ने खोली पूरी साजिश-

आरोपियों को लगा था कि ट्रेन में शव छोड़ देने से मामला कभी नहीं खुलेगा, लेकिन स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों ने पूरी कहानी सामने ला दी। पुलिस अब तालाब से सिर बरामद करने की कोशिश कर रही है ताकि केस को और मजबूत बनाया जा सके।

घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के लोग भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे कि एक पिता अपनी ही बेटी के साथ इतनी क्रूरता कर सकता है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire