Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Crime News : ट्रिपल मर्डर से दहला क्षेत्र, एक ही परिवार के पांच लोगों को मारी गोली, तीन की मौत, दो घायल

यह घटना सुबह करीब 5 बजे उस समय हुई, जब परिवार के सदस्य नहर के पास टहल रहे थे।

Crime News : ट्रिपल मर्डर से दहला क्षेत्र, एक ही परिवार के पांच लोगों को मारी गोली, तीन की मौत, दो घायल
X

Crime News : बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में अपराधियों ने एक ही परिवार के पांच लोगों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 5 बजे उस समय हुई, जब परिवार के सदस्य नहर के पास टहल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान विनोद सिंह, सुनील सिंह और वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना के दौरान अपराधी दो कारों में सवार होकर आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। विनोद सिंह और सुनील सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दो अन्य घायल व्यक्तियों को तत्काल मेडिकल सुविधा के लिए वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इस हत्याकांड के पीछे बालू और गिट्टी के व्यवसाय से जुड़े पुराने विवाद को कारण बताया है। कुछ दिन पहले मृतकों का गांव के ही कुछ लोगों के साथ इस मुद्दे पर झगड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और सदर एसडीपीओ धीरज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

इस घटना ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इलाके में तनाव का माहौल है, और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire