Top
Begin typing your search above and press enter to search.

प्रदेशव्यापी विधानसभा घेराव करेंगी कांग्रेस, तैयारियां देख रहे आला नेता

प्रदेशव्यापी विधानसभा घेराव करेंगी कांग्रेस, तैयारियां देख रहे आला नेता
X

भोपाल। प्रदेशव्यापी विधानसभा घेराव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से लेकर सभी दिग्गज नेता वीडियो जारी आंदोलन में शामिल होने की अपील कर रहे है। कांग्रेस के आला नेताओं ने आज जूम के जरिए प्रदेशस्तरीय बैठक की। बैठक में 200 से अधिक जिला कांग्रेस अध्यक्षों, प्रभारी, सहप्रभारियों को जूम के माध्यम से जोड़कर आगामी 16 दिसंबर को व्यापक स्तर पर होने वाले विधानसभा घेराव की तैयारी, सुविधा जुटाने एवं उसमें आने वाली परेशानियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

घेराव कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल हो इस पर मंथन किया गया।कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक काग्रेस कमेटियों, जिला/ शहर कांग्रेस कमेटियों, विधायक उम्मीदवार, पिछला चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को रैली में शामिल कराने का लक्ष्य निधारित किया गया है। क्योंकि यह घेराव कार्यक्रम प्रदेश की निकम्मी सरकार को आइना दिखाने और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए समस्त जिले के जिला प्रभारी, सह-प्रभारी और संगठन में बैठे हर स्तर के पदाधिकारी भी इस आयोजन को पूरी गंभीरता से लें और दिए गए लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगाएं।

पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता इस प्रदेशव्यापी घेराव कार्यक्रम में शामिल हो, ताकि संघर्ष कीएक नई इबारत मध्यप्रदेश के राजनीतिक इतिहास में लिखी जा सके। उन्होंने कहा कि अभी नहीं तो कभी नहीं, इस भावना से प्रेरित होकर इस बार हम मध्यप्रदेश में बीजेपी की जन विरोधी, निरंकुश और स्वेच्छाचारी सरकार को उखाड़ फैकने के लिए दृढ़संकल्पित है। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए हम जन आंदोलन और विपक्ष की धारदार और पैनी भूमिका को सुनिश्चित कर रहे हैं। विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने कहा की मध्य प्रदेश के पूरे विधायक पूर्ण रूप से सक्रिय हो जाएं और इस रैली को सफल बनाने में अपनी पूरी ताकत झोंक दें, ताकि प्रदेश में जनता के बीच एक संदेश जाए कि प्रदेश की भाजपा जनविरोधी सरकार है और उसे उखाड़कर फैकने के लिए हम सभी कटिबद्ध है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire