Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

जीआईएस से पहले प्रदेश की छवि खराब करने का षडयंत्र कर रही कांग्रेस : वीडी शर्मा

अब बड़े देशों में रेड कारपेट बिछाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जाता है।

जीआईएस से पहले प्रदेश की छवि खराब करने का षडयंत्र कर रही कांग्रेस : वीडी शर्मा
X

MP News : भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति पर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और भारत की साख अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है, जिसके कारण कांग्रेसी बौखला रहे हैं। कांग्रेस के शासन काल में विदेशों में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कमजोर प्रधानमंत्री कहा जाता था और अब बड़े देशों में रेड कारपेट बिछाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जाता है।

MP News : सशक्त विदेश नीति का ही परिणाम है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीय छात्रों की बस में भारत का तिरंगा झण्डा लगाकर निकाला जाता है। पहले पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र संघ में कश्मीर को मुद्दा उठाकर भारत को बदनाम करता था, जो अब प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में संभव नहीं है। अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में डिपोर्टेशन एक सामान्य प्रक्रिया है, 2009 में 734 लोगों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था। यह सभी देशों की जिम्मेदारी है कि अगर उनका कोई नागरिक किसी देश में अवैध रूप से रह रहा है, तो उसको वापस लें। भारत सरकार किसी भी डिपोर्टेशन के साथ दुर्व्यवहार न हो, अमेरिका से सतत् संपर्क में है। इमरजेंसी के दौरान संविधान की धज्जियां उड़ाने वाली कांग्रेस को भारत की विदेश नीति पर उंगली उठाना शोभा नहीं देता।

MP News : दिग्विजय सिंह की बंटाढार सरकार ने प्रदेश की दुर्दशा की थी-
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के लिये जो प्रयास कर रही है, उसे उद्योग जगत और आम जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। औद्योगीकरण के रास्ते पर मध्यप्रदेश की तेज रफ्तार को देखकर कांग्रेस पार्टी बौखला गई है। इसीलिए जीतू पटवारी जानबूझकर प्रदेश सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं, ताकि राजधानी भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले मध्यप्रदेश की छवि देश और दुनिया में खराब की जा सके। कांग्रेस की बंटाढार सरकार ने मध्यप्रदेश की जिस तरह से दुर्दशा की थी, जिस तरह से प्रदेश को सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिये तरसाया था, उसका दुष्परिणाम प्रदेश के औद्योगीकरण के क्षेत्र में पिछड़ने के रूप में सामने आया। सुविधाएं न मिलने, कानून व्यवस्था की लचर स्थिति तथा भ्रष्टाचार के बोलबाले के कारण कोई उद्योगपति प्रदेश की ओर रुख नहीं करता था।

MP News : ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले प्रदेश की छवि खराब करने का षडयंत्र कर रही है कांग्रेस-
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2003 में भाजपा की सरकार आने के बाद इस स्थिति को बदलने के लिये सुनियोजित प्रयास शुरू किए गए, जिनके परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए मिशन मोड पर प्रयास शुरू किए। सभी संभागीय मुख्यालियों पर रीजनल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की। इसके अलावा देश और विदेश में कॉन्क्लेव तथा रोड शो किए। मुख्यमंत्री जी के इन प्रयासों को उद्योग जगत ने जबरदस्त समर्थन देते हुए प्रदेश में निवेश शुरू कर दिया।

MP News : इन्हीं प्रयासों की अगली कड़ी के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित कर रही है, जिसमें भाग लेने के लिए देश-विदेश के अनेक औद्योगिक घरानों ने स्वीकृति दे दी है। इस समिट की सुनिश्चित सफलता से कांग्रेस की जमीन खिसक गई है। चूंकि कांग्रेस पार्टी नहीं चाहती कि देश और प्रदेश औद्योगिक तरक्की करें, इसीलिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी जानबूझकर इस समिट से पहले प्रदेश की छवि खराब करने का षडयंत्र कर रहे हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire