Top
Begin typing your search above and press enter to search.

देर रात रैन बसेरों में पहुंचे सीएम डॉ मोहन यादव, कंबल वितरण कर जाना लोगों का हाल-चाल

देर रात रैन बसेरों में पहुंचे सीएम डॉ मोहन यादव, कंबल वितरण कर जाना लोगों का हाल-चाल
X

भोपाल। राजधानी भोपाल में तेज ठंड का दौर जारी है। ठंड के साथ शहर में बारिश भी हो रही है। इस बीच मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव पुराने शहर के रैन बसेरों में पहुंचे और वहां रुके हुए राहगीरों, गरीबों, निराश्रितों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही मौजूद अधिकारियों को रैन बसेरों में समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने सभी लोगो को कंबल वितरित किए तो ठंड से ठिठुर रहे लोगो की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। देर रात्रि में अपने बीच सीएम को पाकर गरीब लोगों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सबसे पहले यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क स्थित नगर निगम के रैन बसेरा पहुंचे। उन्होंने रैन बसेरे में मौजूद कुरवाई के करोड़ीलाल प्रजापति, हसीब खान, संजु कुशवाहा, रवि शर्मा और पथरिया दमोह के दिव्यांग प्रताप मालवीय से चर्चा कर उनके हालचाल जाने और रैन बसेरे की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

राहगीरों ने बताया कि यहां की सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं। भोजन की व्यवस्था भी होनी चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर भोपाल को निर्देशित किया कि सभी रैन बसेरों में राम-रोटी की व्यवस्था करें। दिव्यांग प्रताप मालवीय ने बताया कि वह हर एक-दो दिन में आ जाते हैं, उनकी चार बेटियां हैं, गुजारे की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए वे यहां आकर रहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर को प्रताप की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसके बाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास स्थित रैन बसेरा पहुंचे। रैन बसेरे का निरीक्षण कर उन्होंने वहां मौजूद सभी राहगीरों और गरीब व्यक्तियों से चर्चा कर उन्हें भी कंबल वितरित किए। मुख्यमंत्री ने यहां विशाल मालवीय,शंकर मालवीय, ओमराज, आशीष तिवारी, दिव्यांग विजय आईना (गुनावा) आदि से चर्चा कर उनके यहां आकर रूकने की वजह पूछी। बताया गया कि सब आगे के सफर के लिए यहां रूके हैं। रैन बसेरे का निरीक्षण कर लौटते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्लेटफार्म नंबर 6 के सामने ही कुछ महिलाओं को बैठे देखा। उन्होंने वाहन रूकवाकर महिलाओं के पास जाकर चर्चा की और वहां बैठने की वजह पूछी। महिलाओं ने बताया कि वे सब्जी बेचने आती हैं।

फिर सीएम ने पूछा की रात कहां बिताओगी, तो महिलाओं ने बताया कि यहीं पर। खुले आसमान के नीचे रात बिताने की बात जानकार मुख्यमंत्री सभी महिलाओं को कंबल वितरित किए और कलेक्टर से कहा कि इन सभी के लिए भी व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और महिलाओं के कल्याण के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। किसी भी गरीब को सरकार की योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सर्दी के इस मौसम में कंबल वितरण से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। ठंड के इस मौसम में किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े, यही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज का दायित्व है कि व्यवस्थाएं दुरुस्त रहे। ऐसे मौसम में रैन बसेरा में ठहरे लोगों को कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन के लिए भी अलग प्रावधान कर रहे हैं। साथ ही महिलाओं के लिए अलग से लाइन की व्यवस्था होगी। इसके अलावा 60 साल से अधिक उम्र वालों की भी रुकने की व्यवस्था करेंगे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire