Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Chit Fund Scams : 9 साल से फरार चिटफंड घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का आरोप

उमेद सिंह ने बताया कि चिटफंड घोटालों के फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Chit Fund Scams : 9 साल से फरार चिटफंड घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का आरोप
X

Chit Fund Scams : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चिटफंड घोटाले के एक बड़े मामले में पुलिस ने 9 साल से फरार चल रहे जे.एस.व्ही. डेवलपर्स इंडिया लिमिटेड और जय विनायक बिल्डकॉप लिमिटेड के डायरेक्टर दिनेश हेमराज टेम्भरे उर्फ बबलू को नागपुर, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

आरोपी ने निवेशकों को दोगुना मुनाफा देने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी की थी और 2016 से फरार था। आजाद चौक थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 182/2016 के तहत दिनेश टेम्भरे और अन्य ने महादेव घाट रोड, अश्वनी नगर, मुस्कान प्लाजा में अपनी चिटफंड कंपनी के कार्यालय खोलकर निवेशकों को आकर्षक स्कीमों का झांसा दिया। प्रार्थी शिवनारायण पटेल सहित कई निवेशकों से करोड़ों रुपये जमा कराए गए और फिर कंपनी बंद कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में धारा 420, 34 भादवि, इनामी चिट एवं धन परिचालन स्कीम पाबंदी अधिनियम की धारा 4(5) और छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हित संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया था।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। निरीक्षक नरेश पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने नागपुर के गुजराती कॉलोनी, नेताजी नगर में छापेमारी कर दिनेश टेम्भरे को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त की गई। पूछताछ में पता चला कि टेम्भरे ने अपनी पहचान छिपाकर नागपुर में सरस्वती अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि चिटफंड घोटालों के फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire