Teacher suspended : तीन सरकारी शिक्षक निलंबित, हत्या के प्रयास से लेकर धोखाधड़ी तक के मामलों में हुई कार्रवाई
सरगुजा जिले में शिक्षा विभाग की कार्रवाई, एक प्रधान पाठक हत्या के प्रयास के मामले में दोषसिद्ध, जबकि दो अन्य शिक्षक गंभीर वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी के मामलों में आरोपी।

Teacher suspended : अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शिक्षा विभाग ने आपराधिक मामलों और गंभीर आरोपों के चलते तीन शासकीय शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। इनमें एक प्रधान पाठक हत्या के प्रयास के मामले में दोषसिद्ध हो चुके हैं, जबकि दो अन्य शिक्षक गंभीर वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में आरोपी हैं।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर विकासखंड के पेण्डरडी प्राथमिक स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक विजय कुमार यादव को हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराया गया था। प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायालय, अंबिकापुर ने 3 जनवरी 2026 को उन्हें पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। सजा के बाद उन्हें केंद्रीय जेल अंबिकापुर में निरुद्ध रखा गया। बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर वे 9 अक्टूबर 2026 को जेल से रिहा हुए। विभाग ने 3 जनवरी से 9 अक्टूबर 2026 तक की अवधि को प्रभावशील निलंबन अवधि माना है।
दो अन्य शिक्षकों पर भी विभागीय कार्रवाई
जिले में दो अन्य शासकीय शिक्षक गंभीर वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में आरोपी बताए गए हैं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध भी निलंबन की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।


