Top
Begin typing your search above and press enter to search.

SIR : छत्तीसगढ़ में 24.99 लाख मतदाताओं के नाम कटे, अब एक महीने तक चलेगा विशेष अभियान

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए एक महीने का विशेष अभियान, BLO घर-घर करेंगे सत्यापन

SIR : छत्तीसगढ़ में 24.99 लाख मतदाताओं के नाम कटे, अब एक महीने तक चलेगा विशेष अभियान
X

SIR : रायपुर। छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों के दोबारा सत्यापन और पात्र नागरिकों को सूची में शामिल करने के लिए निर्वाचन विभाग ने एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि SIR के दौरान छत्तीसगढ़ में करीब 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इनमें लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19 लाख 13 हजार 540 अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं, पुनरीक्षण के दौरान 2 लाख 35 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं।

मतदान केंद्रों से स्कूल-कॉलेजों तक लगेंगे विशेष शिविर

विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं शुक्रवार और शनिवार को स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदान के अधिकार और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।

निर्वाचन विभाग ने BLO को फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा करेंगे, ताकि प्रक्रिया में समन्वय बना रहे।

17 वर्ष से अधिक उम्र के युवा भी कर सकेंगे आवेदन

अभियान में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष जोर रहेगा। 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी फॉर्म-6 भरकर अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, मतदाता के रूप में पंजीकरण निर्धारित पात्रता और आयु संबंधी नियमों के अनुसार ही किया जाएगा।

ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नागरिक ECINET मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है।

पंजीकरण से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए ECINET ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष अभियान के दौरान अपनी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या छूटे हुए नामों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire