Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur News: थाने के बाहर वाटर कूलर छूते ही युवक को लगा करंट, मौत, बचाने पहुंचा आरक्षक भी झुलसा

Raipur News: विधानसभा थाना परिसर के बाहर वाटर कूलर छूने से युवक को करंट लगा और उसकी मौत हो गई। बचाने पहुंचा आरक्षक भी झुलसा, CSEB ने जांच शुरू की।

Raipur News: थाने के बाहर वाटर कूलर छूते ही युवक को लगा करंट, मौत, बचाने पहुंचा आरक्षक भी झुलसा
X

Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। विधानसभा थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर को छूते ही एक युवक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक मौके पर ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

युवका को बचाने पहुंचे एक पुलिस आरक्षक को भी करंट का झटका लगा और वह झुलस गया। हादसे के बाद युवक और घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल आरक्षक का इलाज जारी है।

पानी पीने के लिए वाटर कूलर के पास गया था युवक

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रमेश ठाकुर (32) के रूप में हुई है। वह बिल्हा, जिला बिलासपुर का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पानी पीने पहुंचा। जैसे ही उसने वाटर कूलर को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया और वहीं गिर पड़ा।

युवक को बचाने पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट

रमेश को करंट लगने के बाद आसपास मौजूद पुलिसकर्मी उसकी मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गुलाल वर्मा भी करंट की चपेट में आ गए और झुलस गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और युवक को बचाने की कोशिश की। रमेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल आरक्षक को भी तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेजा

हादसे के बाद थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विधानसभा पुलिस ने मर्ग कायम कर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। यह पता लगाया जा रहा है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह उसके बाहरी हिस्से तक कैसे पहुंचा।

CSEB की टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं CSEB की टीम ने थाना परिसर पहुंचकर वाटर कूलर और उससे जुड़े विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। विद्युत विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि करंट लीकेज की वजह क्या थी और वाटर कूलर में सुरक्षा संबंधी कोई खामी थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire