Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur Sports News : राजकुमार कॉलेज ने तीरंदाजी चैंपियनशिप में मारी बाजी, 109 पदक जीतकर बना ओवरऑल चैंपियन

27 खिलाड़ियों का 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए चयन, देशभर के 11 स्कूलों के 176 तीरंदाजों ने लिया हिस्सा

Raipur Sports News : राजकुमार कॉलेज ने तीरंदाजी चैंपियनशिप में मारी बाजी, 109 पदक जीतकर बना ओवरऑल चैंपियन
X

Raipur Sports News : रायपुर। राजकुमार कॉलेज, रायपुर में आयोजित चार दिवसीय ऑल इंडिया IPSC अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026 का सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में मेजबान राजकुमार कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका, दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

कॉलेज के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 109 पदक जीते। इनमें 46 स्वर्ण, 35 रजत और 28 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ कॉलेज के 27 खिलाड़ियों का चयन 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए भी हुआ है।

11 स्कूलों के 176 तीरंदाजों ने लिया हिस्सा

चार दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 11 स्कूलों के कुल 176 तीरंदाज शामिल हुए। इनमें 121 बालक और 55 बालिकाएं थीं। खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

बालक और बालिका, दोनों वर्गों में राजकुमार कॉलेज अव्वल

ओवरऑल बालक वर्ग में राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने 211 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। बिरला पब्लिक स्कूल, पिलानी 147 अंकों के साथ दूसरे और हैदराबाद पब्लिक स्कूल, रमान्थापुर 70 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, ओवरऑल बालिका वर्ग में राजकुमार कॉलेज ने 299 अंकों के साथ चैंपियनशिप अपने नाम की। द लॉरेंस स्कूल, लवडेल 145 अंकों के साथ दूसरे और यादविंद्र पब्लिक स्कूल, पटियाला 73 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

61 खिलाड़ियों ने लिया था कॉलेज की ओर से हिस्सा

राजकुमार कॉलेज की ओर से प्रतियोगिता में कुल 61 तीरंदाजों ने भाग लिया, जिनमें 35 बालक और 26 बालिकाएं शामिल थीं। कॉलेज के खिलाड़ियों ने बालक वर्ग में 47 और बालिका वर्ग में 62 पदक जीते। इसके अलावा 13 बालक और 14 बालिकाओं सहित कुल 27 विद्यार्थियों ने 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों का सम्मान

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष राजा त्रिबिक्रम चंद्र देब, बरम्बा उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 27 विद्यार्थियों के नेशनल स्कूल गेम्स के लिए क्वालीफाई करने को विद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।इस अवसर पर प्राचार्य ने खेल विभाग के एचओडी ऑनरेरी कैप्टन बी. करुणाकरण, विशिष्ट सेवा मेडल और उनकी पूरी टीम को प्रतियोगिता के सफल आयोजन तथा खिलाड़ियों की उपलब्धि के लिए बधाई दी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire