Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur : प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की 9 घंटे चली मैराथन बैठक, 2028 में सरकार बनाने की रणनीति पर हुई मंथन

रायपुर में बीजेपी की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने 9 घंटे तक मैराथन बैठकें कीं। बैठक में संगठन की मजबूती, नेताओं के फीडबैक, सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और 2028 के विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने की रणनीति पर मंथन हुआ।

Raipur : प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की 9 घंटे चली मैराथन बैठक, 2028 में सरकार बनाने की रणनीति पर हुई मंथन
X

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई पहले दिन की मैराथन बैठक समाप्त हो गई। प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने करीब 9 घंटे तक पार्टी के अलग-अलग पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं। इस दौरान संगठन की स्थिति, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर पूर्व सांसद-विधायकों तक के साथ बैठक

बैठक में प्रदेश महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और निगम-मंडल, बोर्ड एवं आयोगों के अध्यक्ष शामिल हुए। स्मृति ईरानी ने अलग-अलग समूहों के साथ चर्चा कर संगठन की गतिविधियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का फीडबैक लिया।

2028 में सरकार बनाने को लेकर नेताओं से सवाल

बैठक के दौरान स्मृति ईरानी ने पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों से आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव में फिर से सरकार बनाने की रणनीति को लेकर सवाल किए। चर्चा का केंद्र यह रहा कि पार्टी जनता के बीच अपनी पकड़ कैसे मजबूत करे और संगठन की सक्रियता को किस तरह बढ़ाया जाए।

मंत्रियों को लेकर शिकायतें भी पहुंचीं

बैठक के दौरान कुछ मंत्रियों को लेकर शिकायतें प्रदेश प्रभारी तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन शिकायतों की प्रकृति और संबंधित मंत्रियों के नामों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बैठक में पार्टी नेताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

एकजुटता और सरकारी योजनाओं के प्रचार पर जोर

स्मृति ईरानी ने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर काम करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक को संगठनात्मक समीक्षा और भविष्य की चुनावी तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बीजेपी की बैठकों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire