Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur News: 16-17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में सजेगी ‘रायपुर रास’ की महफिल, बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर होंगी मुख्य अतिथि

दो दिवसीय महोत्सव में पारंपरिक गरबा, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और आकर्षक पुरस्कार होंगे खास आकर्षण, आयोजन में ड्रेस कोड और सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू

Raipur News: 16-17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में सजेगी ‘रायपुर रास’ की महफिल, बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर होंगी मुख्य अतिथि
X

Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में पारंपरिक गरबा और डांडिया का उत्साह एक बार फिर देखने को मिलेगा। ‘रायपुर रास’ सीजन-5 का आयोजन 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में किया जाएगा। इस दो दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर इसकी विशेषताओं और तैयारियों की जानकारी साझा की गई।

प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने बताया कि इस बार ‘रायपुर रास’ को पारंपरिक संस्कृति, मनोरंजन, ग्लैमर और आकर्षक पुरस्कारों के अनूठे संगम के रूप में तैयार किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य गरबा की पारंपरिक पहचान को बनाए रखने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को भी प्रोत्साहित करना है।

गरबा के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति

इस बार आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाएगा। गरबा की शुरुआत सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों की धुनों को पारंपरिक गुजराती गरबा बीट्स के साथ मिलाकर की जाएगी। इसके अलावा, गढ़कलेवा कॉर्नर में प्रतिभागियों और दर्शकों को चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन में ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ पुरस्कार भी दिया जाएगा। यह सम्मान उन प्रतिभागियों को मिलेगा, जो अपनी पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति को खूबसूरती से प्रस्तुत करेंगे।

केवल पारंपरिक गरबा संगीत, ड्रेस कोड अनिवार्य

आयोजन समिति के अनुसार, सांस्कृतिक शुद्धता बनाए रखने के लिए दोनों दिन केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे। बॉलीवुड गानों पर रोक रहेगी। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे, जबकि वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आयोजन को पारिवारिक और सुरक्षित बनाने के लिए प्रवेश संबंधी नियम भी निर्धारित किए गए हैं। समिति के मुताबिक, कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी तथा अकेले आने वाले पुरुषों यानी स्टैग बॉयज का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

एसी वेन्यू और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अक्टूबर की गर्मी और उमस से राहत देने के लिए पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित रखा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।

आईफोन-आईपैड से लेकर विदेशी ट्रिप जीतने का मौका

‘रायपुर रास’ में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। आयोजकों के अनुसार, जैन मोबाइल की ओर से स्क्रैच कूपन के माध्यम से आईफोन और आईपैड जीतने का मौका मिलेगा। वहीं, श्री ट्रेवल्स की ओर से विजेताओं को बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत की अंतरराष्ट्रीय यात्राएं प्रदान की जाएंगी।समिति का कहना है कि ‘रायपुर रास’ सीजन-5 को संस्कृति, पारंपरिक संगीत, सुरक्षा, मनोरंजन और पुरस्कारों के विशेष संयोजन के रूप में आयोजित किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को गरबा का यादगार अनुभव मिल सके।

प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा के साथ ऋषभ सोनी, वर्धन पाठक, शशांक ठाकुर, ऋषभ जैन, यश सोनी, प्रतीक कसार, शुभांशु आचार्य, रवि दीक्षित, सिद्धार्थ ठक्कर, मोहित नानवानी, नितिन भंडारकर, यश गोलछा, अमित वर्मा, पलाश बरडिया, अवि चौरसिया, दिव्यांश अग्रवाल और मानस श्रीवास्तव उपस्थित रहे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire