Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur Indravati Bhawan lift accident: इंद्रावती भवन की लिफ्ट में आधे घंटे तक फंसे 8 लोग, दम घुटने लगा तो मची अफरा-तफरी

Raipur Indravati Bhawan lift accident: रायपुर के नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन की लिफ्ट में 7-8 कर्मचारी और अधिकारी करीब आधे घंटे तक फंसे रहे। गर्मी और घुटन बढ़ने से सभी परेशान हो गए।

Raipur Indravati Bhawan lift accident: इंद्रावती भवन की लिफ्ट में आधे घंटे तक फंसे 8 लोग, दम घुटने लगा तो मची अफरा-तफरी
X

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लिफ्ट अचानक बीच में ही बंद हो गई। लिफ्ट के अंदर 7-8 कर्मचारी और अधिकारी करीब आधे घंटे तक फंसे रहे। लंबे समय तक बंद जगह में रहने के कारण अंदर गर्मी और घुटन बढ़ गई, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी महसूस होने लगी।

काफी देर तक जब लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला तो बाहर मौजूद कर्मचारियों ने उसे खोलने की कोशिश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दरवाजा खोला जा सका और लिफ्ट में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अचानक बंद हुई लिफ्ट, बीच में ही अटक गए कर्मचारी

जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के बाद वह अचानक रुक गई। उस वक्त लिफ्ट में कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। लिफ्ट के बीच में अटक जाने के बाद अंदर मौजूद लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुल सका।

समय बीतने के साथ लिफ्ट के अंदर गर्मी और घुटन बढ़ती गई। कर्मचारियों के मुताबिक, करीब आधे घंटे तक बंद लिफ्ट में रहने के दौरान दम घुटने जैसा महसूस होने लगा और सांस लेने में परेशानी होने लगी।

बाहर मौजूद कर्मचारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खुला और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

कुछ देर और फंसे रहते तो बिगड़ सकती थी स्थिति

लिफ्ट में फंसे कर्मचारियों ने बताया कि बंद जगह में लंबे समय तक रहने के कारण उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही थी। गर्मी और घुटन की वजह से सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगी थी। कर्मचारियों का कहना है कि अगर लिफ्ट का दरवाजा कुछ और देर तक नहीं खुलता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

बता दें कि इंद्रावती भवन में रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी पहुंचते हैं और लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में लिफ्ट की नियमित जांच और समय-समय पर मेंटेनेंस नहीं होने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

इस घटना के बाद इंद्रावती भवन में इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि लिफ्ट का लंबे समय से नियमित मेंटेनेंस नहीं हुआ है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire