Raipur City News : मुख्यमंत्री निवास में गूंजे लोकगीत, तीजा-पोरा तिहार में दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंगीन झलक, देखें Live
तीजा-पोरा तिहार के आयोजन में महिलाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, लोकनृत्य, पारंपरिक व्यंजन और छत्तीसगढ़ी रीति-रिवाजों ने बांधा समां

Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व तीजा-पोरा तिहार की रौनक शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में देखने को मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आतिथ्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, झूले और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों ने आयोजन में पर्व की खास रंगत भर दी।
तीजा पर्व जहां महिलाओं के लिए मायके, परिवार और रिश्तों की भावनाओं से जुड़ा माना जाता है, वहीं पोरा तिहार प्रदेश की कृषि परंपरा और पशुधन के प्रति सम्मान को दर्शाता है। इस अवसर पर मिट्टी से बने नंदी-बैल और पारंपरिक खिलौनों की पूजा की जाती है।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की ग्रामीण लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और नृत्य के जरिए तीजा-पोरा की परंपराओं को जीवंत किया। आयोजन में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पकवान भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, रायपुर महापौर मीनल चौबे, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। मुख्यमंत्री निवास का यह आयोजन छत्तीसगढ़ की लोक विरासत, कृषि संस्कृति और पारंपरिक उत्सवों की जीवंत तस्वीर पेश करता नजर आया।


