Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : रायपुर में शुरू हुई छत्तीसगढ़ की पहली महिला ओपन जेल, 25 बंदिनियों को मिलेगा काम का अवसर

रायपुर सेंट्रल जेल में शुरू हुई महिला ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पाद बिक्री केंद्र में रोजगार से जुड़ेंगी 25 महिला बंदिनियां

Raipur City News : रायपुर में शुरू हुई छत्तीसगढ़ की पहली महिला ओपन जेल, 25 बंदिनियों को मिलेगा काम का अवसर
X

Raipur City News : महेश साहू, रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेल व्यवस्था में नई पहल के तहत रायपुर सेंट्रल जेल में प्रदेश की पहली महिला ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन (OCI) शुरू की गई है। शनिवार को जेल डीजी हिमांशु गुप्ता ने इसका शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य महिला बंदिनियों को जेल की नियमित व्यवस्था के साथ रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।

रायपुर सेंट्रल जेल की उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए शुरू किए गए इस ओपन जेल परिसर में फिलहाल 25 महिला बंदिनियों के रहने की व्यवस्था होगी। निर्धारित व्यवस्था के तहत महिला बंदिनियां दिन के समय विभिन्न कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर स्थित कार्यस्थलों पर जाएंगी और शाम को वापस लौटेंगी।

सिलाई से ब्यूटी पार्लर तक मिलेगा काम

ओपन जेल परिसर में महिला बंदिनियों के लिए सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों के बिक्री केंद्र जैसी गतिविधियां शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराने की योजना है।

जेल प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था के जरिए महिला बंदिनियों को काम सीखने, अपनी क्षमताओं को विकसित करने और जेल से बाहर सामान्य जीवन के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।

शुभारंभ कार्यक्रम में जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire