Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ पुलिस की छापेमारी, 100 से ज्यादा अफसर-कर्मचारी जांच में शामिल

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने 15 टीमों के साथ चलाया सघन जांच अभियान, रजिस्टर, CCTV, स्टाफ वेरिफिकेशन समेत जरूरी दस्तावेज खंगाले; 2 सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं।

Raipur City News : 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ पुलिस की छापेमारी, 100 से ज्यादा अफसर-कर्मचारी जांच में शामिल
X

Raipur City News : रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जांच के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच कार्रवाई की। इसके लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में की गई। अलग-अलग टीमों का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा ने किया।




रजिस्टर से लेकर CCTV तक की जांच

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग क्षमता की जांच की। इसके अलावा संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, उम्र संबंधी दस्तावेज और स्टाफ रजिस्टर भी चेक किए गए। साथ ही परिसर की व्यवस्था, लीज या किराये से जुड़े दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात और अन्य जरूरी अनुमतियों की भी जांच की गई। पुलिस ने प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधियों की संभावना को लेकर भी स्पा सेंटरों की सघन जांच की।




दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।

पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire