Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City Crime : वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, बर्खास्त पुलिसकर्मी समेत 4 गिरफ्तार; इनोवा से ट्रैक्टर तक चोरी का खुलासा

CCTV सुराग से पुलिस आरोपियों तक पहुंची, इनोवा बरामद; बुलेट, KTM, एक्टिवा, स्प्लेंडर और दो ट्रैक्टर चोरी का खुलासा

Raipur City Crime : वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, बर्खास्त पुलिसकर्मी समेत 4 गिरफ्तार; इनोवा से ट्रैक्टर तक चोरी का खुलासा
X

Raipur City Crime : रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोरी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गिरोह का मुख्य आरोपी साहिल राय और महासमुंद का बर्खास्त पुलिसकर्मी दिनेश कुमार टंडन भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की इनोवा क्रिस्टा बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी कर उन्हें अपने नेटवर्क के जरिए दूसरे लोगों को बेचते थे। पूछताछ में बुलेट, KTM, एक्टिवा और स्प्लेंडर समेत दो ट्रैक्टर चोरी करने की कई वारदातों का खुलासा हुआ है।

एक्टिवा की मरम्मत के बहाने गैरेज पहुंचा था मुख्य आरोपी

मामले की शुरुआत विधानसभा थाना क्षेत्र के दोदेखुर्द स्थित रूद्रांश मोटर गैरेज से चोरी हुई इनोवा क्रिस्टा की जांच से हुई। पुलिस के मुताबिक साहिल राय एक्टिवा बनवाने के बहाने गैरेज पहुंचा था। वहां उसने इनोवा की चाबी देखी और मौका पाकर उसे अपने पास रख लिया। इसके बाद 5 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे आरोपी गैरेज पहुंचा और चाबी की मदद से इनोवा क्रिस्टा CG 04 NL 2725 लेकर फरार हो गया। समोदा पहुंचने पर कार का टायर खराब हो गया। आरोपी ने वाहन को मंदिर के पास खड़ा किया और वहां से निकल गया।

CCTV से पुलिस को मिला सुराग

वाहन चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर साहिल पुलिस के संदेह के घेरे में आया। पूछताछ में उसने इनोवा चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर कार और चाबी बरामद कर ली गई।



पूछताछ में खुलीं चोरी की कई वारदातें

पुलिस के अनुसार, साहिल ने करीब एक साल पहले मेकाहारा चिरघर के पास से बुलेट और KTM चोरी करने की बात कबूल की। एक अन्य बुलेट घड़ी चौक पार्किंग से और एक बुलेट आमासिवनी मेन रोड से चोरी किए जाने का खुलासा हुआ। इसके अलावा आमासिवनी की शराब दुकान से स्प्लेंडर और तेलीबांधा मरीन ड्राइव से एक्टिवा चोरी करने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक कुछ वाहनों को संजीव दत्ता के जरिए अलग-अलग लोगों को बेचने का नेटवर्क बनाया गया था।

दोपहिया के साथ ट्रैक्टर भी बने निशाना

जांच में गिरोह द्वारा ग्राम धनसुली से दो ट्रैक्टर चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक इनमें से एक ट्रैक्टर अमरजीत उर्फ बंटी को बेचने की बात सामने आई, जबकि दूसरे ट्रैक्टर को बर्खास्त पुलिसकर्मी दिनेश कुमार टंडन तक पहुंचाने की जानकारी पूछताछ में मिली है।

जेल में बनी थी आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार अमरजीत सिंह ने पुराने हत्या के मामले में जेल जाने के दौरान संजीव दत्ता से पहचान होने की बात बताई है। वहीं दिनेश कुमार टंडन ने भी वर्ष 2016 में गांजा प्रकरण में जेल जाने के दौरान संजीव से परिचय होने की जानकारी दी है। पुलिस इन दावों का सत्यापन कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने साहिल राय, संजीव दत्ता, अमरजीत सिंह और दिनेश कुमार टंडन को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब चोरी किए गए अन्य वाहनों की बरामदगी और गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने पर वाहन चोरी की और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire