Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City Crime : कारोबारी के सूने मकान में बड़ी चोरी, 8 तोला सोना, 2 किलो चांदी और 8 लाख रुपये कैश ले उड़े चोर

परिवार के साथ पैतृक गांव गया था कारोबारी, पीछे से ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवरात और नकदी पर किया हाथ साफ, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Raipur City Crime : कारोबारी के सूने मकान में बड़ी चोरी, 8 तोला सोना, 2 किलो चांदी और 8 लाख रुपये कैश ले उड़े चोर
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। परिवार नवरात्रि मनाने पैतृक गांव गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। परिवार जब वापस लौटा तो घर के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।

मामला खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार का है। यहां रहने वाले सीताराम गुप्ता के मकान के भूतल पर 'केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक्स' नाम से दुकान संचालित होती है। कारोबारी 19 अक्टूबर को परिवार के साथ मध्य प्रदेश के खटखरी गांव में नवरात्रि मनाने गए थे।

जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब हैं।

सोने के आभूषण और चांदी के जेवरात पर किया हाथ साफ

पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के आभूषण, लगभग 2 किलो चांदी के जेवर और 5 से 8 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सोने के सामान में मंगलसूत्र, हार, झुमकी, अंगूठी सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। वहीं चांदी के जेवरात में करधन, पायल, छागल और बिछिया समेत कई सामान शामिल हैं।

बेटे की मौत के बाद मिली सहायता राशि भी चोरी

इस चोरी की घटना में एक भावुक पहलू भी सामने आया है। पीड़ित के अनुसार, नकदी में करीब 4 लाख रुपये उनके दिवंगत बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद मिली सहायता राशि के थे। बाकी रकम कारोबार से संबंधित बताई गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज की जांच शुरू

घटना के बाद सीताराम गुप्ता ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रखलाल भारती कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire