Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Chhattisgarh Heavy Rain Alert: भारी बारिश के चलते छत्तीसगढ़ में आज भी स्कूल बंद, जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

Chhattisgarh Heavy Rain Alert: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार 26 सितंबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं।

Chhattisgarh Heavy Rain Alert: भारी बारिश के चलते छत्तीसगढ़ में आज भी स्कूल बंद, जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल
X

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार 26 सितंबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

मध्य-दक्षिण छतीसगढ़ में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इधर गरियाबंद में रायपुर से देवभोग जा रही यात्री बस सराई भदर के पास बाढ़ के पानी में फंस गई। नाले में करीब 4 फीट पानी था और दोनों ओर पानी का तेज बहाव था। बस में सवार करीब 50 यात्रियों को पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने रस्सी बांधकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रायपुर के भाठागांव इलाके में जलभराव

राजधानी रायपुर के भाठागांव, सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है। जगदलपुर के गंगा मुंडा इलाके के साथ निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कें पानी में डूब गई हैं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में लोगों के घरों में भी नालियों का पानी घुस गया है।

बारिश के चलते बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद हैं। रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन से किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 2 ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द कर दी गई है। गरियाबंद में 24 घंटे में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।

इंद्रावती के किनारे मुनादी, रपटों पर बैरिकेडिंग

बारिश के बीच इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को फील्ड में रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

जलमग्न होने की आशंका वाले रपटों और पुल-पुलियों पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर कोटवार और निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदी, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है। आपात स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।

गरियाबंद में 3 दिन से भारी बारिश, घरों में घुसा पानी

गरियाबंद के देवभोग और अमलीपदर में तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। तेल और सुखतेल नदी समेत कई बरसाती नाले उफान पर हैं। कई घरों में पानी घुस गया है और हजारों एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं। लोग रातभर घर का सामान बचाने में जुटे रहे।

24 घंटे में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज होने से 10 साल पहले आई बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारी बारिश के चलते प्रशासन ने आज से होने वाली त्रैमासिक परीक्षा रद्द कर दी है। सिकासार बांध से सुरक्षा के लिए 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

सुकमा में शबरी नदी खतरे के निशान के पार

सुकमा जिले की शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने से झापरा पुल के ऊपर पानी बह रहा है। पुल पर आवागमन बंद होने से एक दर्जन से ज्यादा पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, एर्राबोर में NH-30 और सुकमा-दोरनापाल मार्ग पर भी पानी आने से यातायात प्रभावित हुआ है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire