Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur Bus Accident: रायपुर में टैंकर की टक्कर से बेकाबू हुई यात्री बस, बस स्टॉप में जा घुसी, बाल-बाल बचे यात्री

Raipur Bus Accident: रायपुर में टैंकर की टक्कर से बेकाबू हुई यात्री बस, बस स्टॉप में जा घुसी, बाल-बाल बचे यात्री
X

Raipur Bus Accident: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने टैंकर की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में 7 लोग सवार थे।

राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा और बस स्टॉप का स्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

टैंकर की टक्कर के बाद बेकाबू हुई बस

जानकारी के मुताबिक, जीवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 E 3376 टाटीबंध से भाठागांव की ओर जा रही थी। सुबह करीब 9 बजे बस जब डीडी नगर के ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने पहुंची, तभी एक टैंकर से उसकी टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि बस स्टॉप का स्ट्रक्चर भी टूट गया।

बस में सवार थे 7 लोग, सभी सुरक्षित

हादसे के समय बस में कुल 7 लोग सवार थे। टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि बस में सवार किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया कि सुबह टैंकर की टक्कर के बाद यात्री बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप में घुस गई थी। बस में 7 लोग सवार थे और हादसे में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। टैंकर की भूमिका और दोनों वाहनों के बीच टक्कर कैसे हुई, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire