Durg News: पाहंदा (अ) पंचायत में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सुगबुगाहट तेज, 4 नवंबर को वोटिंग, सम्मिलन के आदेश जारी
Durg News: पाटन के पाहंदा (अ) ग्राम पंचायत में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 4 नवंबर को वोटिंग होगी। प्रशासन ने विशेष सम्मिलन के आदेश जारी किए हैं।

पाटन। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन जनपद अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पाहंदा (अ) में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। यहां की सरपंच ईश्वरवती राजेश्वर ठाकुर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब इस मामले में फैसला 4 नवंबर को होने वाले विशेष सम्मिलन और मतदान के बाद साफ होगा।
16 पंचों ने सौंपी थी अविश्वास प्रस्ताव की सूचना
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आवेदक गंगाराम पटेल और अन्य 16 पंचों ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों के तहत सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। इसी आवेदन पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने 4 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत भवन पाहंदा (अ) में विशेष बैठक बुलाई है।
शांति व्यवस्था के लिए प्रशासन मुस्तैद
इस अहम बैठक और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता के लिए पाटन के अतिरिक्त तहसीलदार को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान के दौरान कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमलेश्वर थाना प्रभारी को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।


