Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Accident : विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत 3 की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान पिकअप ने मारी टक्कर

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दसरंगपुर में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मुंगेली से जा रहे एक पिकअप वाहन ने मुख्य मार्ग पर तीनों को टक्कर मार दी।

CG Accident : विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत 3 की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान पिकअप ने मारी टक्कर
X

मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दसरंगपुर में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मुंगेली से जा रहे एक पिकअप वाहन ने मुख्य मार्ग पर तीनों को टक्कर मार दी। मृतकों में मुंगेली विधायक और पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के रिश्तेदार अधीन मोहले भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान पिकअप ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। अधीन मोहले अपने दो साथियों बल्लू बघेल और गंगाराम के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी ने की तीन मौतों की पुष्टि

जरहागांव थाना प्रभारी के मुताबिक, हादसे में अधीन मोहले, बल्लू बघेल और गंगाराम की मौत हुई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

जर्जर सड़क को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद बिलासपुर से तखतपुर और मुंगेली की ओर जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क की जर्जर हालत को लेकर पहले भी शिकायतें किए जाने की बात कही गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire