Top
Begin typing your search above and press enter to search.

ED Raid in Chhattisgarh: ईडी की रेड में सराफा कारोबारी नितिन डागा और रोशन बघेल के ठिकानों से 21 लाख कैश व प्रॉपर्टी के कागजात जब्त

ED Raid in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में ईडी ने रायपुर और भिलाई में छापा मारकर सराफा कारोबारी नितिन डागा और रोशन बघेल के ठिकानों से 21 लाख कैश और संपत्ति के कागजात जब्त किए हैं।

ED Raid in Chhattisgarh: ईडी की रेड में सराफा कारोबारी नितिन डागा और रोशन बघेल के ठिकानों से 21 लाख कैश व प्रॉपर्टी के कागजात जब्त
X

रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। मंगलवार को ईडी की अलग-अलग टीमों ने रायपुर और दुर्ग-भिलाई में कई बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

रायपुर के रवि नगर में सराफा कारोबारी नितिन डागा और भिलाई में बघेल कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के एमडी रोशन बघेल के घर व दफ्तर पर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान एजेंसियों ने भारी मात्रा में कैश, डिजिटल डिवाइस और संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए हैं।

सराफा कारोबारी नितिन डागा के यहां से 16 लाख नकद जब्त

रायपुर के रवि नगर स्थित सुशील विला में रहने वाले सराफा कारोबारी नितिन डागा के घर ईडी की टीम सुबह-सुबह पहुंच गई थी। टीम ने घर से 16 लाख रुपए नकद और करीब 200 एकड़ जमीन से जुड़े बेनामी व अन्य संपत्ति के कागजात अपने कब्जे में ले लिए हैं।

एक अन्य टीम ने सदर बाजार स्थित मशहूर ‘डागा ज्वेलरी शॉप’ पर भी पहुंचकर रिकॉर्ड खंगाले। चर्चा है कि नितिन डागा के संबंध कई राजनीतिक दिग्गजों और पिछली सरकार के प्रभावशाली अफसरों से रहे हैं।

रोशन बघेल के यहां से 5 लाख कैश और 3 मोबाइल जब्त

भिलाई और दुर्ग में ईडी ने बघेल कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के एमडी रोशन बघेल के ठिकानों पर शिकंजा कसा। मालवीय नगर स्थित कार्यालय और पुलगांव की ऋषभ कॉलोनी स्थित उनके आवास पर करीब 20-22 अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की।

रोशन के घर से 5 लाख रुपए नकद, 3 मोबाइल फोन और संपत्ति के कई अहम दस्तावेज ईडी अपने साथ ले गई। रोशन का कारोबार कोयला परिवहन, माइनिंग और निर्माण कार्यों से जुड़ा हुआ है।

जमीन, सराफा और फिल्म निर्माण तक फैला जांच का दायरा

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ सालों से कोयला लेवी, डीएमएफ और अन्य घोटालों को लेकर केंद्रीय जांच एजेंसियों की रडार पर कई लोग हैं। सूत्रों के मुताबिक, ईडी अब इन अवैध राशियों के मनी ट्रेलकी कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रोशन बघेल का नाम फिल्म प्रोडक्शन हाउस 'कर्मा' और ओटीटी प्लेटफॉर्म 'सीजी फ्लिक्स' से भी जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल, एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस बड़ी कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire