Top
Begin typing your search above and press enter to search.

मुख्यमंत्री साय ने गोल्फ में आजमाया हाथ, बोले-फिल्मों में देखते थे गोल्फ, आज खुद कर रहे मेजबानी, कपिल देव भी हुए क्रेजी

छत्तीसगढ़ अब तेजी से उभरता स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बन गया है। नवा रायपुर में शुरू हुए 'डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026' में कपिल देव और सीएम विष्णुदेव साय ने शिरकत की। जानिए पूरी खबर।

मुख्यमंत्री साय ने गोल्फ में आजमाया हाथ, बोले-फिल्मों में देखते थे गोल्फ, आज खुद कर रहे मेजबानी, कपिल देव भी हुए क्रेजी
X

रायपुर। क्या आपने कभी सोचा था कि जो खेल कभी सिर्फ फिल्मों या बड़े उद्योगपतियों के महलों तक सीमित लगता था, वह छत्तीसगढ़ के मैदानों पर खेला जाएगा? जी हां, तेजी से बदलते छत्तीसगढ़ ने खेल जगत में एक और बड़ी छलांग लगाई है। नवा रायपुर अब देश के चुनिंदा गोल्फ हब्स में शामिल होने की राह पर है।

नवा रायपुर के फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की शुरुआत हो चुकी है। इस शानदार आयोजन में हिस्सा लेने पहुंचे 1983 के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव भी छत्तीसगढ़ की खेल व्यवस्था और आतिथ्य से खासे प्रभावित नजर आए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लगाया शानदार शॉट, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और खुद गोल्फ के मैदान पर हाथ आजमाया। मुख्यमंत्री का शानदार शॉट देखकर वहां मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह दोगुना हो गया।

इस टूर्नामेंट में देश-विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। सीएम साय ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा, "एक समय था जब हम गोल्फ के बारे में सिर्फ सुनते थे या फिल्मों में देखते थे, लेकिन आज हमारा छत्तीसगढ़ इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है।"

कपिल देव ने की छत्तीसगढ़ की तारीफ, हर साल टूर्नामेंट कराने की इच्छा

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पीजीटीआई (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव ने छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए बेहद अनुकूल है।

जिस तरह आज दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र हैं, आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश का एक बड़ा गोल्फ डेस्टिनेशन बनेगा।

कपिल देव ने इच्छा जताई कि यह प्रतिष्ठित गोल्फ टूर्नामेंट छत्तीसगढ़ में हर साल आयोजित होना चाहिए, ताकि विदेशी खिलाड़ी अपने कैलेंडर के हिसाब से यहां आने की योजना बना सकें। वहीं, पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी यहां की व्यवस्थाओं और आतिथ्य की खुलकर सराहना की।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire