CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर हुआ सक्रिय, 5 दिन तक भारी बारिश के आसार; रायपुर में बौछार
अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

CG Weather Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के असर से 30 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश का दौर 3 सितंबर तक जारी रह सकता है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली गिरने से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शंकरगढ़ में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। 29 अगस्त को शंकरगढ़ में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। ओडगी में 4 सेमी और करतला में 3 सेमी बारिश हुई। छुरा, लटोरी, सूरजपुर, डोंगरगांव, कुसमी और छाल में 2-2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सामान्य से थोड़ी कम बारिश
मौजूदा मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से करीब 2 से 4 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड और आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। यह मौसम प्रणाली अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकती है।


