Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Weather: तेज धूप के बीच बारिश और ओलावृष्टि, 30-40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; रायपुर समेत 26 जिलों में अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दुर्ग जिले में बुधवार शाम अचानक मौसम बदला और धूप के बीच तेज बारिश शुरू हो गई।

CG Weather: तेज धूप के बीच बारिश और ओलावृष्टि, 30-40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; रायपुर समेत 26 जिलों में अलर्ट
X

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दुर्ग जिले में बुधवार शाम अचानक मौसम बदला और धूप के बीच तेज बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में बारिश के साथ छोटे-छोटे ओले भी गिरे। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से सड़कों पर पानी नजर आया, जबकि एक तरफ धूप और दूसरी तरफ बारिश का अनोखा नजारा देखने को मिला।

शाम करीब 4:30 बजे बदला मौसम

दुर्ग में शाम करीब 4:30 बजे बारिश शुरू हुई। शुरुआत में हल्की धूप दिखाई दे रही थी, लेकिन कुछ ही देर में बारिश तेज हो गई। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि भी हुई। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवा और बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

26 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के 26 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक शाम से रात तक कई इलाकों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं।

अलर्ट वाले जिलों में बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

रात तक बारिश और गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर की शाम 6:20 बजे से रात 9:20 बजे तक के लिए नाउकास्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार मानसून वापसी की रेखा रायपुर से गुजर रही है और ऊपरी हवा में सक्रिय सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की स्थिति बन रही है। अगले तीन दिनों तक भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

रायपुर में भी बारिश की संभावना

राजधानी रायपुर में भी शाम और रात के समय बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में मंगलवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे साफ है कि प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire