CG Weather : मानसून की रफ्तार होगी धीमी, 12 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट, कल से राहत के आसार
26 अगस्त तक सामान्य से सिर्फ 2% कम बारिश, रायगढ़-बिलासपुर समेत 12 जिलों में मध्यम से भारी बारिश के आसार, रायपुर में भी गरज-चमक के साथ बौछारें

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि शुक्रवार से मानसूनी गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं, जिसके बाद बारिश की तीव्रता घट सकती है।
26 अगस्त तक प्रदेश में 863.9 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 882.4 मिमी है। यानी प्रदेश में सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश हुई है। लगातार हो रही बारिश के चलते यह अंतर अब काफी कम हो गया है।
इन 12 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रायगढ़, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी और कोरिया में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर समेत प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है।
शुक्रवार से बारिश में आएगी कमी
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश में मानसूनी सिस्टम सक्रिय है, जिसके प्रभाव से अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार से मानसूनी गतिविधियों के कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है।
हालांकि आने वाले दिनों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। मौजूदा बारिश के चलते प्रदेश सामान्य मानसूनी आंकड़े के काफी करीब पहुंच चुका है और आगे होने वाली बारिश से सामान्य कोटा पूरा होने की उम्मीद बनी हुई है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।


