CG Weather : विदाई से पहले मानसून का जोर, बंगाल की खाड़ी का सिस्टम छत्तीसगढ़ में बढ़ाएगा बारिश
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र होगा मजबूत, 22 सितंबर को कई इलाकों में भारी बारिश के आसार; 24 सितंबर से बस्तर संभाग में बढ़ेगा बारिश का दौर.

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार प्रभावी बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है और अगले 24 से 48 घंटों में इसके और मजबूत होने के आसार हैं।
कई जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भैरमगढ़ में सबसे ज्यादा 5 सेमी, गंगालूर में 4 सेमी तथा बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रा रोड में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में भी बदल सकता है मौसम
राजधानी रायपुर में 22 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। शहर में एक-दो दौर की बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें भी पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी के इस सिस्टम की दिशा और मजबूती पर छत्तीसगढ़ में बारिश की तीव्रता निर्भर करेगी। खासकर दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर के आसपास बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।


