CG Weather : बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम, 29 अगस्त से छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र, प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी बारिश और वज्रपात की संभावना।

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी और आसपास के तटीय क्षेत्र में बन रहे निम्न दबाव के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है, जबकि मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में रक्षाबंधन के दिन बारिश से राहत रही, जिसके चलते तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 29 अगस्त को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे में कुसमी में 7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश दर्ज हुई। बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी बारिश हुई। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम है। ऐसे में नया मौसम सिस्टम प्रदेश के बारिश के आंकड़ों को सुधारने में अहम भूमिका निभा सकता है।


