Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का अलर्ट, 29 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका, मंत्री रामविचार नेताम ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश।

CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का अलर्ट, 29 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
X

CG Weather Alert : रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में 25 से 29 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा समेत कई जिलों में अत्यधिक बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने विभागीय अधिकारियों और मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। किसानों से कहा गया है कि वे धान की कटाई फिलहाल रोक दें और पहले से कटी हुई फसल को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर रखें।

इसके अलावा खेतों में पानी भरने की स्थिति से बचने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण फसलों को नुकसान न हो, इसके लिए किसानों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया है।

सब्जी उत्पादकों और पशुपालकों को भी सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं, मौसम साफ होने तक खेतों में कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है, ताकि बारिश के कारण दवाओं का असर कम होने और आर्थिक नुकसान की आशंका से बचा जा सके।

प्रदेश में संभावित भारी बारिश को देखते हुए किसानों से अपील की गई है कि वे प्रशासन और कृषि विभाग की सलाह का पालन करें तथा अपनी फसलों, सब्जियों और पशुधन की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी रखें।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire