Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Suspend : नशे में धुत मिले ASI और आरक्षक, लावारिस पड़ी थी INSAS राइफल, वीडियो वायरल होने के बाद दोनों सस्पेंड

दुर्ग से कैदी को अंबिकापुर जेल शिफ्ट करने पहुंचे दोनों पुलिसकर्मी नशे में बेसुध मिले, पास में INSAS राइफल लावारिस हालत में पड़ी थी। वीडियो वायरल होने के बाद ASI और आरक्षक को किया गया निलंबित।

CG Suspend : अंबिकापुर। वर्दी की जिम्मेदारी और सुरक्षा में गंभीर लापरवाही का मामला छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से सामने आया है। यहां दुर्ग से कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने पहुंचे एक ASI और आरक्षक के नशे में धुत हालत में मिलने का मामला सामने आया। हैरानी की बात यह रही कि दोनों के पास मौजूद INSAS राइफल भी लावारिस हालत में पड़ी मिली। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई हुई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले में पदस्थ ASI जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी कैदी को अंबिकापुर जेल में दाखिल कराने पहुंचे थे। आरोप है कि कैदी को शिफ्ट करने के बाद दोनों प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे में बेसुध पड़े मिले। इसी दौरान उनकी INSAS राइफल भी असुरक्षित हालत में पड़ी दिखाई दी।



मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने जब दोनों पुलिसकर्मियों को इस स्थिति में देखा, तो इसकी सूचना बस स्टैंड चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में लिया। पुलिसकर्मियों की इस लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने ASI जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। दोनों के निलंबन का आदेश भी जारी कर दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire