Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG: स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से, 34 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

24 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 4 नवंबर तक चलेगी प्रक्रिया,

CG: स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से, 34 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
X

रायपुर: स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 31 अक्टूबर से शुरू होगी। परीक्षा 4 नवंबर तक चलेगी। प्रदेश के 7 शहरों में बनाए गए 24 केंद्रों पर कुल 34 हजार 604 अभ्यर्थी शामिल होंगे। लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।

रायपुर-बिलासपुर में सबसे ज्यादा केंद्र

भर्ती परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में 6-6 केंद्र बनाए गए हैं। दुर्ग और भिलाई में 4-4, जगदलपुर में 2 और चांपा व सरगुजा में एक-एक केंद्र निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र से परीक्षा केंद्र और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी ले सकते हैं।

तीन पालियों में होगी परीक्षा

परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे, दूसरी दोपहर 12:30 से 2:30 बजे और तीसरी शाम 4:30 से 6:30 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। गेट परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा।

गलत जवाब पर कटेंगे 0.25 अंक

प्रश्नपत्र में 100 सवाल होंगे और कुल 100 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा के लिए दो घंटे मिलेंगे। हर सही जवाब पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। परीक्षा के बाद मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे।

प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र जरूरी

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और पाली की जानकारी पहले ही जांच लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire