CG News : कुआं धंसने से ग्रामीण मलबे में दबा, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कोरबा के श्यांग थाना क्षेत्र के गुरमा गांव में हादसा, पानी निकालते समय अचानक धंसा कुआं; SDRF, जिला आपदा बल और JCB की मदद से सोनसाय की तलाश जारी

CG News : कोरबा। जिले के वनांचल क्षेत्र श्यांग में कुआं धंसने से बड़ा हादसा हो गया। ग्राम पंचायत गुरमा में पानी निकालने गए ग्रामीण सोनसाय के ऊपर अचानक कुएं की मिट्टी और आसपास का हिस्सा भरभराकर गिर गया। ग्रामीण मलबे में दब गया, जिसके बाद उसे निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे की है। सोनसाय अपने घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकालने गया था। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी धंस गई और वह मलबे के साथ अंदर दब गया।
घटना के बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर मलबा हटाकर सोनसाय को निकालने का प्रयास किया। कुआं गहरा होने और बड़ी मात्रा में मिट्टी जमा होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
प्रशासन की टीम ने मौके पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया है। दो जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार मिट्टी हटाई जा रही है। इसके साथ ही एसडीआरएफ बिलासपुर, जिला आपदा बल और नगर सेना कोरबा की टीमें भी तलाश अभियान में जुटी हैं।
हादसे को करीब 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मलबे में दबे सोनसाय का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार मिट्टी हटाने के दौरान कुएं के और धंसने का खतरा भी बना हुआ है, जिसके चलते रेस्क्यू टीम सावधानी के साथ अभियान चला रही है।
परिजनों के मुताबिक, यह कुआं वर्ष 2017 में सरकारी योजना के तहत बनाया गया था। फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन की निगरानी में राहत-बचाव अभियान जारी है और सभी की नजर सोनसाय को सुरक्षित बाहर निकालने पर टिकी हुई है।


