Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : गांव के करीब बाघ का आतंक, महिलाओं के सामने 5 बकरियों का किया शिकार

बकरियां चरा रहीं महिलाओं में मची भगदड़, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त; ग्रामीणों में दहशत का माहौल

CG News : गांव के करीब बाघ का आतंक, महिलाओं के सामने 5 बकरियों का किया शिकार
X

CG News : मोहला-मानपुर। मोहला-मानपुर जिले के औंधी तहसील क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता फिर बढ़ा दी है। रेंगाटोला गांव के पास खेतों में बकरियां चरा रहीं महिलाओं के सामने बाघ ने एक के बाद एक पांच पालतू बकरियों का शिकार कर दिया। बाघ को करीब आता देख महिलाओं ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक, करीब छह ग्रामीण महिलाएं गांव से कुछ दूरी पर बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान अचानक बाघ बकरियों के झुंड के बीच पहुंच गया। इससे पहले कि महिलाएं कुछ समझ पातीं, बाघ ने एक बकरी को दबोच लिया और इसके बाद लगातार अन्य बकरियों पर भी हमला कर दिया।

बाघ के हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गईं। घटना के बाद ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें दो बकरियां मृत अवस्था में मिलीं, जबकि तीन अन्य बकरियां वहां मौजूद नहीं थीं।

अगले दिन वन विभाग के अमले के साथ ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन वहां पड़ी दोनों मृत बकरियां भी गायब मिलीं। ग्रामीणों का दावा है कि बाघ पांचों बकरियों को अपने साथ जंगल की ओर ले गया।

घटना के बाद इलाके में एक बार फिर बाघ की दहशत फैल गई है। ग्रामीणों को अब खेतों और जंगल के आसपास मवेशी चराने में डर लग रहा है। किसान और स्थानीय लोग भी सतर्कता बरत रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बाघ के जंगल की ओर चले जाने की बात कही जा रही है, लेकिन ग्रामीणों में उसकी दोबारा बस्ती के करीब आने को लेकर चिंता बनी हुई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire