Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : स्कूल में अचानक गिरा छत का प्लास्टर, चपेट में आया शिक्षक, बाल-बाल बचे छात्र

सूरजपुर के नेवारडांड प्राथमिक शाला में छज्जे का प्लास्टर टूटकर गिरा, शिक्षक को आई चोट; घटना के वक्त आसपास नहीं थे बच्चे, वायरल हुआ वीडियो

CG News : स्कूल में अचानक गिरा छत का प्लास्टर, चपेट में आया शिक्षक, बाल-बाल बचे छात्र
X

CG News : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जर्जर स्कूल भवन का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिरने से शिक्षक घायल हो गया। घटना प्रतापपुर विकासखंड के हरिहरपुर स्थित नेवारडांड प्राथमिक शाला की है। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अचानक टूटकर गिरा छत का प्लास्टर

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। इसी दौरान शिक्षक इसकी चपेट में आ गया और उसे चोटें आईं। घटना के बाद स्कूल में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस जगह के आसपास बच्चे मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

वायरल हो रहा घटना का वीडियो

स्कूल भवन से प्लास्टर गिरने की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद स्कूल भवन की स्थिति और उसके रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

परिजनों ने की भवन की मरम्मत की मांग

घटना ने सरकारी स्कूलों में भवनों के नियमित रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है। छात्रों के परिजनों ने मांग की है कि स्कूल भवनों की समय-समय पर जांच कर जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire