CG News : जमीन के नीचे छिपा था नक्सलियों का हथियारों का जखीरा, AK-47 और भारी मात्रा में कारतूस जब्त
भैरमगढ़ के उतला जंगल में सर्चिंग के दौरान मिला नक्सली डंप, 4 हथियारों के साथ AK-47 और 76 जिंदा कारतूस बरामद, पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

CG News : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया है। इसमें AK-47 समेत कई रायफल, 9 एमएम पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। सूचना मिलने के बाद भैरमगढ़ थाना पुलिस और डीआरजी की टीम को उतला गांव के जंगलों में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था।
सर्चिंग के दौरान जवानों को एक स्थान पर गतिविधि संदिग्ध लगी। इलाके की बारीकी से तलाशी लेने पर जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला। जवानों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए हथियारों और कारतूसों को बाहर निकाला और बरामद सामग्री को भैरमगढ़ थाने लाया गया।
बरामद नक्सली डंप से पुलिस को निम्न हथियार और कारतूस मिले हैं—
1 AK-47 रायफल
1 .315 बोर रायफल
1 सिंगल शॉट रायफल
1 9 एमएम पिस्टल
2 AK-47 मैगजीन
45 AK-47 जिंदा राउंड
25 जिंदा 9 एमएम राउंड
.315 बोर रायफल के 6 जिंदा राउंड
पुलिस ने बरामद हथियार और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना बनी अहम कड़ी
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनसे संगठन की गतिविधियों तथा पूर्व की घटनाओं को लेकर पूछताछ की जाती है। उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
इसी पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उतला जंगल में छिपाए गए नक्सली डंप के बारे में इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया, जिसमें जमीन के नीचे छिपाकर रखे हथियारों का यह जखीरा बरामद हुआ।


