CG News : जन्माष्टमी विसर्जन के बाद लापता छात्रा की कुएं में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस
मानपुर में 17 वर्षीय 12वीं की छात्रा का शव कुएं में मिला, जन्माष्टमी विसर्जन कार्यक्रम के बाद से थी लापता; पुलिस और साइबर फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच।

CG News : सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र के मानपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव कुएं से मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतका 12वीं कक्षा में पढ़ती थी और जन्माष्टमी के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद से लापता थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, इसी दौरान बस्ती के पास स्थित कुएं में उसका शव मिलने की सूचना सामने आई।
विसर्जन कार्यक्रम के बाद से थी लापता
जानकारी के अनुसार, किशोरी कृष्ण जन्माष्टमी के विसर्जन कार्यक्रम में गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच बस्ती से लगे कुएं में किशोरी का शव मिलने की जानकारी मिली। शव कुएं में मुंह के बल पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
साइबर फॉरेंसिक टीम ने भी की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बतौली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ साइबर फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने मौके से जुड़े साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
मौत की वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट
फिलहाल किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस ने कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच के साथ किशोरी के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है।


