Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : हवा में बंद हुआ फ्लाइट का इंजन, 54 यात्रियों की अटकी सांसें, प्रयागराज में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

बिलासपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट का एक इंजन हुआ फेल, पायलट ने ATC को दी सूचना; बमरौली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा विमान

CG News : हवा में बंद हुआ फ्लाइट का इंजन, 54 यात्रियों की अटकी सांसें, प्रयागराज में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
X

CG News : बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली जा रही एलायंस एयर की फ्लाइट में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने से हड़कंप मच गया। विमान का एक इंजन अचानक बंद हो गया, जिसके बाद पायलट ने तत्काल प्रयागराज एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान में 54 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, एलायंस एयर की फ्लाइट नंबर 91-882 ने सुबह करीब 10:30 बजे बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। प्रयागराज के करीब पहुंचने पर विमान के दाहिने इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और इंजन ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद पायलट ने आपात स्थिति की सूचना ATC को दी।

सूचना मिलते ही प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। एहतियात के तौर पर रनवे पर दमकल वाहन, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया।

पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को एक इंजन के सहारे सुरक्षित तरीके से बमरौली एयरपोर्ट पर उतार लिया। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल लाउंज में पहुंचाया गया।

विमान के प्रभावित होने के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए एलायंस एयर की ओर से वैकल्पिक उड़ानों और कनेक्टिंग फ्लाइट्स की व्यवस्था की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए DGCA ने मामले का संज्ञान लेते हुए तकनीकी जांच के निर्देश दिए हैं। प्रभावित विमान को फिलहाल ग्राउंडेड रखा गया है। एयरलाइन और तकनीकी टीम विमान में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही है। सुरक्षा जांच और आवश्यक तकनीकी मंजूरी के बाद ही विमान के दोबारा संचालन पर फैसला लिया जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire