Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : शादी टूटने से टूटे डॉक्टर ने उठाया खौफनाक कदम, 18 दिन पहले चर्च में दिया था आवेदन

कोरबा के ESIC अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर ने स्टाफ क्वार्टर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, प्रेम संबंध टूटने के बाद से थे परेशान.

CG News : शादी टूटने से टूटे डॉक्टर ने उठाया खौफनाक कदम, 18 दिन पहले चर्च में दिया था आवेदन
X

CG News : कोरबा। कोरबा में एक डॉक्टर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन ने अपने स्टाफ क्वार्टर में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह शादी की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन कुछ दिन पहले प्रेमिका से रिश्ता टूटने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थे।

जानकारी के मुताबिक डॉक्टर एल्विन ने 12 अगस्त को चर्च में शादी के लिए आवेदन दिया था। परिवार भी विवाह की तैयारियों में जुटा था। इसी बीच किसी विवाद के बाद युवती ने शादी से इनकार कर दिया। घटना से करीब तीन दिन पहले डॉक्टर ने अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था।

OPD नहीं पहुंचे तो स्टाफ ने खटखटाया दरवाजा

घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब डॉक्टर सुबह अस्पताल की OPD में नहीं पहुंचे। स्टाफ उन्हें देखने उनके क्वार्टर पहुंचा और काफी देर तक आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।

इसके बाद बाथरूम में डॉक्टर का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक डॉक्टर के हाथ पर ब्लेड से चोट के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

कोयंबटूर में हुई थी युवती से मुलाकात

डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी और करीब एक साल पहले कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ हुए थे। बताया गया है कि कोयंबटूर की रहने वाली युवती के साथ उनका करीब दो साल से प्रेम संबंध था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार मामले में मर्ग कायम किया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire