Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : चलती कार में खतरनाक स्टंटबाजी, कोई दरवाजे पर लटकी तो कोई बोनट पर लेटी, VIDEO वायरल होते ही पुलिस ने दर्ज की FIR

कोरबा में चलती कार पर स्टंट करती युवतियों का वीडियो वायरल, वाहन मालिक की पहचान कर पुलिस ने दर्ज किया मामला, वैधानिक कार्रवाई जारी

CG News : कोरबा। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में सड़क पर जान जोखिम में डालने का एक मामला छत्तीसगढ़ के कोरबा से सामने आया है। यहां कुछ युवतियां चलती कार के दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आईं, तो एक युवती कार के बोनट पर लेटकर स्टंट करती दिखाई दी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज की है।

मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में काले रंग की कार (CG 12 BV 6007) में सवार युवतियां खतरनाक अंदाज में स्टंट करती दिखाई दे रही हैं। कोई कार के दरवाजे पर लटककर डांस कर रही है, तो कोई बोनट पर लेटी नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि गरबा आयोजन के दौरान सजी सड़क पर यह वीडियो बनाया गया। इस दौरान कार की रफ्तार और युवतियों के स्टंट से बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसी लापरवाही न केवल स्टंट करने वालों, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने सड़क पर इस तरह की हरकतों को लेकर सवाल उठाए। वीडियो में एक आपत्तिजनक कैप्शन भी दिखाई दे रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने जांच की। वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की गई और संबंधित चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire