CG News : ब्रांडेड घड़ियों की आड़ में नकली माल का कारोबार! दुकान पर छापा, 280 फर्जी वॉच जब्त
दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित दुकान पर पुलिस की दबिश, Titan-Fastrack की 280 कथित नकली घड़ियां और 275 फर्जी टैग बरामद; संचालक गिरफ्तार।

CG News : दुर्ग। दुर्ग के इंदिरा मार्केट में नामी ब्रांड Titan और Fastrack के नाम पर नकली घड़ियां बेचने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने सत कबीर वॉच पर छापा मारकर बड़ी संख्या में नकली घड़ियां और फर्जी टैग बरामद किए। मामले में दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर को गिरफ्तार किया गया है।
शिकायत के बाद दुकान पर पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक Titan कंपनी की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि गौरव तिवारी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इंदिरा मार्केट स्थित दुकान में Titan और Fastrack के नाम व ट्रेडमार्क का गलत इस्तेमाल कर घड़ियां बेची जा रही हैं। शिकायत की जांच के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी और वहां मौजूद सामान की जांच की।
280 घड़ियां और 275 फर्जी टैग मिले
तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान से Titan और Fastrack की 280 नकली घड़ियां बरामद कीं। इसके साथ ही Fastrack के 275 फर्जी टैग और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, इन घड़ियों को असली ब्रांड का उत्पाद बताकर ग्राहकों को बेचने का आरोप है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली घड़ियां दुकान तक कहां से पहुंचती थीं।
कॉपीराइट एक्ट समेत BNS में केस दर्ज
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच में अब संभावित सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


