CG News : पटवारी से मारपीट करने वाला भाजपा नेता जिलाबदर, 6 जिलों में एंट्री पर लगी रोक
सरगुजा में पटवारी कार्यालय में मारपीट के मामले में प्रशासन की कार्रवाई, 10 सितंबर 2026 से एक साल तक सरगुजा समेत 6 जिलों में प्रवेश पर प्रतिबंध

CG News : सरगुजा। पटवारी कार्यालय में घुसकर मारपीट करने के मामले में भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत उसे एक साल के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है।
आदेश के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 से अगले एक साल तक जितेंद्र कुजूर सरगुजा समेत जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिले की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
मामला 22 अप्रैल 2026 का है। आरोप है कि जितेंद्र कुजूर कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में पहुंचा और पटवारी प्रकाश मंडल से आरआई के बारे में जानकारी मांगी। आरआई के लंच पर जाने की बात बताने पर वह नाराज हो गया और पटवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ऑपरेटर के साथ भी मारपीट का आरोप है।
बताया गया कि पटवारी ने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर खुद को बचाया। मामले में दरिमा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस रिपोर्ट और सुनवाई के बाद जिला दंडाधिकारी ने राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 5 के तहत जिलाबदर का आदेश दिया। जितेंद्र कुजूर पहले दरिमा भाजपा मंडल के एसटी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रह चुका है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद उसके राजनीतिक पद को लेकर भाजपा की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक आदेश सामने नहीं आया है।


