CG News : बिलासपुर में H1N1 की एंट्री, 7 मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क
5 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज, अपोलो अस्पताल में 2 का इलाज जारी, 75 वर्षीय महिला की हालत खतरे से बाहर

CG News : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) के 7 मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। संक्रमित मरीजों में से 2 का इलाज फिलहाल शहर के अपोलो हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि 5 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुके हैं।
अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक 75 वर्षीय महिला भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। हालत में सुधार के बाद उन्हें ICU से बाहर लाया गया है। वहीं करीब 30 वर्षीय एक मरीज की रायपुर यात्रा की हिस्ट्री भी सामने आई है।
अस्पतालों में बढ़ाई गई निगरानी
H1N1 के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में संदिग्ध मरीजों की पहचान और निगरानी तेज कर दी है। CIMS, जिला अस्पताल और PHC-CHC स्तर पर स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की जांच, उपचार और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को संक्रमण से बचाव के जरूरी इंतजामों के साथ सतर्क रहने को कहा गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।


