Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : नक्सल प्रभावित इलाकों में गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे, 102 केंद्रों पर 20 हजार लोगों ने देखी राष्ट्रीय एकता परेड

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सुकमा में दिखा देशभक्ति का उत्साह, पुवर्ती, गोगुंडा और किस्टाराम जैसे अंदरूनी इलाकों में जवानों के साथ शामिल हुए ग्रामीण।

CG News : नक्सल प्रभावित इलाकों में गूंजे भारत माता की जय के नारे, 102 केंद्रों पर 20 हजार लोगों ने देखी राष्ट्रीय एकता परेड
X

CG News : सुकमा। कभी नक्सल गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले सुकमा के अंदरूनी इलाकों में राष्ट्रीय एकता दिवस पर देशभक्ति और सामूहिक सहभागिता की तस्वीर देखने को मिली। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का जिले के 102 स्थानों पर सीधा प्रसारण किया गया। इस आयोजन में करीब 18 से 20 हजार जवानों, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

खास बात यह रही कि पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम जैसे नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में भी ग्रामीण सुरक्षा बलों के जवानों के साथ बैठकर परेड देखते नजर आए। लाइव प्रसारण के दौरान गांवों और सुरक्षा कैंपों में 'भारत माता की जय' के नारों से माहौल गूंज उठा।

सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर जिलेभर में आयोजन के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। सभी थानों, सुरक्षा कैंपों, पोटाकेबिन और छात्रावासों में बड़ी स्क्रीन, टीवी और प्रोजेक्टर लगाए गए थे। शाम 5:30 बजे से शुरू हुई लाइव स्क्रीनिंग के लिए कुल 102 केंद्र बनाए गए थे।



शारदा सिनेमा में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

जिला मुख्यालय स्थित शारदा सिनेमा में भी परेड के सीधे प्रसारण का विशेष आयोजन किया गया। यहां कलेक्टर अमित कुमार, सीआरपीएफ डीआईजी आनंद राज पुरोहित और एसपी मयंक गुर्जर सहित प्रशासन एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधि दीपिका शोरी, धनीराम बरसे, पत्रकारों और शहर के नागरिकों ने भी सामूहिक रूप से परेड देखी।

अंदरूनी गांवों में जवानों के साथ शामिल हुए ग्रामीण

राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन में सबसे उल्लेखनीय भागीदारी दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों से सामने आई। पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम में ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ बैठकर राष्ट्रीय एकता परेड का प्रसारण देखा। इस साझा भागीदारी को पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सामाजिक सौहार्द के संदेश के रूप में देखा गया।




102 केंद्रों पर जुटी जनभागीदारी

जिले के सभी आयोजन स्थलों पर दर्शकों के लिए बैठने, छाया और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। छात्रावासों और पोटाकेबिन में पढ़ने वाले बच्चों को भी कार्यक्रम से जोड़ा गया। राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन के जरिए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय का संदेश दिया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire