Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : तालाब में मिला 30 वर्षीय महिला का शव, मौके पर देशी शराब और खाली गिलास मिलने से जांच तेज

पखांजूर के पीवी-118 गांव की घटना, रात से लापता थी महिला; मौत की वजह जानने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

CG News : तालाब में मिला 30 वर्षीय महिला का शव, मौके पर देशी शराब और खाली गिलास मिलने से जांच तेज
X

CG News : पखांजूर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में एक महिला का शव निजी तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कापसी क्षेत्र के पीवी-118 गांव में सुबह तालाब में महिला का शव तैरता मिला। मृतका की पहचान समीता नेताम (30 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला के शव के पास देशी शराब, एक टॉर्च और खाली गिलास मिलने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।

रात 8 बजे घर से लापता हुई थी महिला

जानकारी के अनुसार, समीता नेताम रात करीब 8 बजे घर से लापता हो गई थी। उसके पति ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह तालाब में मछलियों को दाना डालने पहुंचे ग्रामीणों ने पानी में महिला का शव तैरते देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के पास देशी शराब, टॉर्च और खाली गिलास मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह तालाब तक कैसे पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire