CG Crime : पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रचा नाटक, इस वजह से पति ने घोंटा गला, गिरफ्तार
धमतरी के सुपेला गांव में 48 घंटे में खुलासा, पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत के शक में पति ने की हत्या; शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

CG Crime : धमतरी। जिले के सुपेला गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि महिला ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसके पति ने नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
मामला 5 सितंबर, जन्माष्टमी का है। भखारा थाना पुलिस को वीणा उर्फ बबली ठाकुर की आत्महत्या की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान महिला के गले पर पतली वस्तु से गला घोंटे जाने जैसे निशान मिले।
शुरुआत में पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया कि वह खेत से लौटने के बाद कमरे में गया था, जहां पत्नी संदिग्ध हालत में मिली। परिवार ने पहले इसे हार्ट अटैक समझकर डॉक्टर को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति मानववध सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का रुख बदल दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतिका के पति से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने वारदात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी के मोबाइल पर किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी ने बताया कि 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे गुस्से में उसने नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और पुलिस से बचने के लिए शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि पोस्टमार्टम और पुलिस की जांच ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पति विवेक ध्रुव को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।


