Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : सरपंच हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, प्रेम प्रसंग की रंजिश में उतारा मौत के घाट, 7 आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश के चलते सरपंच की हत्या की साजिश, जंगल में घेरकर वारदात को दिया अंजाम; पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

CG Crime : सरपंच हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, प्रेम प्रसंग की रंजिश में उतारा मौत के घाट, 7 आरोपी गिरफ्तार
X

G Crime : फरसगांव। कोंडागांव जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल में सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग को लेकर पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की रात सरपंच के गांव आने की जानकारी आरोपियों को मिली थी। इसके बाद आरोपी पहाड़ी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के पहुंचते ही आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और हाथ बांधकर थप्पड़, चप्पल, डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों में से एक के परिवार की महिला के साथ सरपंच के प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद था। इसी रंजिश को लेकर मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नब्बू वट्टी, राकेश मंडावी और प्रभु लाल नेताम ने हत्या की योजना बनाई थी।

मारपीट के बाद आरोपी सरपंच को बंधक बनाकर घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले गए और कंबल से ढंक दिया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहां मौजूद रहे और सुबह करीब 5 से 5ः30 बजे के बीच मौके से फरार हो गए।

सुबह परिजनों को मंगल सिंह घायल अवस्था में मिले। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी फरसगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू की। एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर एएसपी कपिल चंद्रा और एसडीओपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एफएसएल, साइबर और पुलिस टीमों ने जांच की। आरोपी मिट्ठू राम नेताम के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा और लोहे की रॉड बरामद की है।

पुलिस ने मामले में BNS की धारा 103(1), 191(2) और 61(2)(क) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी सात आरोपियों को 1 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब मामले में आगे की विवेचना कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire