CG Crime : संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पर पुलिस की दबिश, 18 युवक-युवतियां हिरासत में, ग्रामीणों का मकान पर प्रदर्शन
धमतरी के श्यामतराई इलाके में कार्रवाई, 12 युवक और 6 युवतियों से पूछताछ; ग्रामीणों ने मुख्य जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग, मकान का किया घेराव

CG Crime : धमतरी। शहर से लगे श्यामतराई इलाके में एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर 18 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 12 युवक और 6 युवतियां शामिल हैं। पुलिस ने सभी से पूछताछ की और उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की।
पुलिस की कार्रवाई के अगले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मकान का घेराव कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए मामले में मुख्य रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध के दौरान कुछ देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त मकान में पिछले 3-4 वर्षों से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इस संबंध में कई बार पुलिस को सूचना दी गई थी। उनका कहना है कि मकान में लगातार संदिग्ध लोगों की आवाजाही होती थी, जिससे गांव के माहौल पर असर पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदा कार्रवाई को पर्याप्त नहीं बताते हुए मकान मालिक और कथित गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लगी और जिम्मेदार लोगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।


