Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : तालाब में मिली नवविवाहिता की लाश, मायके वालों ने पति-ससुर को पीटा

बलरामपुर के सनावल क्षेत्र में 4 माह पहले हुई शादी की नवविवाहिता का शव तालाब में मिला, मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया; विवाद के बाद पति व ससुर की पिटाई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार.

CG Crime : तालाब में मिली नवविवाहिता की लाश, मायके वालों ने पति-ससुर को पीटा
X

CG Crime : रामानुजगंज। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय नवविवाहिता संगीता यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसकी शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। 9 सितंबर को उसका शव ससुराल से करीब 50 मीटर दूर तालाब में मिला।

मृतका के पिता गंगा यादव ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बेटी के एक हाथ में फ्रैक्चर और पसलियों पर चोट के निशान थे। पिता के मुताबिक, संगीता के पति ने पहले भी उसके साथ मारपीट की थी और सामाजिक बैठक में समझौता होने के बावजूद कथित प्रताड़ना जारी रही।

घटना की सूचना के बाद मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, जहां विवाद के दौरान उन्होंने मृतका के पति दिलीप यादव और ससुर सुरेश यादव की पिटाई कर दी। दोनों को रामानुजगंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर, सनावल पुलिस ने शव का तीन डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire